


नवगछिया : बिहपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गंगा दियारा में गुरुवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतक की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के अमरी बड़ी विशनपुर निवासी दिलीप कुमार मंडल (25 वर्ष), पिता भीम मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गुरुवार सुबह करीब 7 बजे घर से परवल की सब्जी तोड़ने के लिए दियारा क्षेत्र गया था। करीब 10 बजे स्थानीय किसानों ने उसे खेत में मृत अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बिहपुर थाना अध्यक्ष पुनि संतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक के कनपटी के पीछे गर्दन में गोली लगी हुई है। घटना को लेकर विभिन्न आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ सूत्रों के अनुसार प्रेम प्रसंग में आ त्म हत् या की बात सामने आ रही है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों ने इस मामले में फिलहाल कुछ भी स्पष्ट रूप से कहने से परहेज किया है, जिससे घटना को लेकर रहस्य और गहरा गया है। बताया जा रहा है कि मृतक खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और परिवार का मुख्य सहारा था।
बिहपुर थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और ग्रामीण घटना के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
















