


पूर्णिया : भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर पूर्णिया में ब्रह्म शक्ति के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा चूनापुर शिव मंदिर से प्रारंभ होकर डॉलर हाउस चौक, कचहरी चौक, आर.एन. साह चौक, लखन चौक, रजनी चौक, खीरू चौक, गिरजा चौक होते हुए टाउन हॉल पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
इस शोभायात्रा में विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ एवं बालाजी सेवा संघ के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बालाजी सेवा संघ के अध्यक्ष नीतीश बरनवाल एवं विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी पारंपरिक शस्त्र लहराते हुए शोभायात्रा का नेतृत्व करते नजर आए, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान संतों एवं समाज के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ। आयोजन को लेकर लोगों में गहरी आस्था और एकजुटता साफ तौर पर दिखाई दी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि परशुराम जयंती केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, स्वाभिमान और शक्ति का प्रतीक है, जो समाज को एकजुट करने का कार्य करता है। वहीं, बालाजी सेवा संघ के अध्यक्ष नीतीश बरनवाल ने कहा कि युवाओं में बढ़ता उत्साह हमारी संस्कृति के मजबूत भविष्य का संकेत है।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. संजीव कुमार झा (उर्फ राकेश रोशन) ने आयोजन की सफलता पर खुशी जताते हुए सभी सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके नेतृत्व में यह आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली ढंग से संपन्न हुआ।
















