


@ सारस और अद्विक अथर्व ने जीता गोल्ड, चार रजत और एक कांस्य भी जिले की झोली में।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। पटना के ट्रैक पर रविवार को भागलपुर के नन्हे स्केटर्स ने ऐसी रफ्तार दिखाई कि पदकों की झड़ी लग गई। पहली ओपन पटना जिला रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में भागलपुर स्केटिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण समेत कुल सात पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता के अलग-अलग आयु वर्ग और स्पर्धाओं में भागलपुर के खिलाड़ियों ने गति, संतुलन और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन किया। सारस और अद्विक अथर्व ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

रजत पदकों में भी दिखा भागलपुर का दबदबा
स्वर्ण के बाद रजत पदकों पर भी भागलपुर के खिलाड़ियों का कब्जा रहा। आद्या चौबे ने बालिका वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया। वहीं देवांश, अक्षत और अनायका चौधरी ने भी अपनी-अपनी स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीते।
कड़े मुकाबले के बीच यश राज ने अपनी तकनीकी दक्षता और संयम का परिचय देते हुए कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह भागलपुर के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दो गोल्ड, चार सिल्वर और एक ब्रॉन्ज समेत कुल सात पदकों पर कब्जा जमाया।
मेहनत, अभ्यास और कोचिंग का दिखा असर:
इस उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों की नियमित मेहनत के साथ-साथ कोच अमन का तकनीकी मार्गदर्शन भी अहम रहा। लगातार अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भागीदारी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को धार दी, जिसका असर पटना की प्रतियोगिता में साफ नजर आया। पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों को अभिभावकों, खेलप्रेमियों और एकेडमी परिवार ने बधाई दी। इस सफलता के बाद खिलाड़ियों के बीच उत्साह का माहौल है।
राज्य और जोनल स्तर पर पहचान बनाने की तैयारी:
भागलपुर स्केटिंग एकेडमी के पदाधिकारियों के अनुसार, एकेडमी के खिलाड़ी लगातार राज्य और जोनल स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपने खेल को निखार रहे हैं। पटना में सात पदकों की यह उपलब्धि खिलाड़ियों के बढ़ते आत्मविश्वास का संकेत है। एकेडमी को उम्मीद है कि इन प्रतिभाओं की सफलता से भागलपुर के अन्य बच्चों और युवाओं में भी रोलर स्केटिंग के प्रति रुचि बढ़ेगी।

















