


नवगछिया । नयाटोला शक्तिमोर निवासी नीतीश कुमार ने अपनी पत्नी के प्रेमी और ससुराल पक्ष पर मारपीट व धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने नवगछिया के पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार, बीते 25 अप्रैल को वह अपनी पत्नी को लाने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी ने उसके साथ आने से साफ इनकार कर दिया। उसने कहा कि वह अब उसके साथ नहीं रहना चाहती और किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम करती है।
नीतीश कुमार ने आरोप लगाया कि जब वह वापस लौट रहा था, उसी दौरान उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी राजा कुमार ने उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, राजा कुमार ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने कहा कि “अभी तुम बच गए, लेकिन कहीं और मिले तो गोली मार देंगे।”
पीड़ित ने बताया कि वह पहले रंगरा थाना में शिकायत दर्ज कराने गया था, लेकिन वहां उसका आवेदन नहीं लिया गया। इसके बाद उसने नवगछिया थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर पीड़ित ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है।
















