


नवगछिया । गोपालपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव की रहने वाली रानी देवी अपने लापता पति की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पति के अचानक गायब हो जाने से उनका जीवन गहरे संकट में पड़ गया है। वह लगातार पुलिस कार्यालयों का चक्कर काटकर अपने पति की सकुशल बरामदगी की गुहार लगा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रानी देवी के पति महेश कुमार सिंह बांका जिले में बिजली विभाग में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। बीते 12 अप्रैल 2025 को वह अपने कार्यस्थल बांका से छुट्टी लेकर घर लौटने के लिए निकले थे, लेकिन आज तक घर नहीं पहुंचे हैं। घटना के बाद से परिवार में अनिश्चितता और चिंता का माहौल बना हुआ है।
रानी देवी ने बताया कि उन्होंने बांका के पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पति की खोजबीन कराने की मांग की है। साथ ही गोपालपुर थाना में भी आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई है। इसके बावजूद अब तक लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पीड़िता ने प्रशासन से जल्द से जल्द उनके पति को खोजने की मांग की है, ताकि परिवार को इस संकट से राहत मिल सके। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है।
















