


30 जुलाई से शुरू होगा मेला, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
भागलपुर के समीक्षा भवन में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में श्रावणी मेला 2026 की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ मेले की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष श्रावणी मेला 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर 28 अगस्त 2026 तक चलेगा। मेले में प्रतिदिन विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में कांवरिया रेल मार्ग, सड़क मार्ग एवं जल मार्ग से सुलतानगंज पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, इसलिए सभी संबंधित विभाग अभी से अपनी तैयारी शुरू कर दें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला राजस्व शाखा इस वर्ष सुलतानगंज के सैरात की निविदा करेगी तथा चौकियों की संख्या भी राजस्व शाखा द्वारा निर्धारित की जाएगी। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को नमामि गंगे घाट एवं सीढ़ी घाट पर बैरिकेडिंग और ग्रीन नेट लगाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार गश्त करेगी ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि इस बार नदी में नाव के माध्यम से पेट्रोलिंग की जाएगी तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मेले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेंगे, जिनमें महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, सड़कों के किनारे पीली पट्टी रंगवाने तथा दुकानदारों को डस्टबिन रखने सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वाहन पार्किंग स्थलों पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने को कहा गया।

पथ निर्माण विभाग को कांवरिया पथ के प्रत्येक किलोमीटर पर बालू भंडारण करने तथा उस पर नियमित पानी का छिड़काव कराने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के कारण बालू अत्यधिक गर्म हो जाता है, जिससे कांवरियों को परेशानी होती है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पिछले वर्ष की तरह नमामि गंगे घाट एवं सीढ़ी घाट पर लॉकर और चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा पांच स्थानों पर खोया-पाया सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन, मद्य निषेध अभियान और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए नुक्कड़ नाटक एवं प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
















