5
(1)



पूर्णिया। जिला समाहरणालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम 23 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है। जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार के निर्देश पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती सुगंधा शर्मा के मार्गदर्शन में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर माइक्रोप्लान के अनुसार प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

जिला प्रोग्राम पदाधिकारी द्वारा कार्यक्रम की सतत मॉनिटरिंग एवं समन्वय किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को खेल एवं नृत्य दिवस (मोटर कौशल विकास), तिथि भोज/सामुदायिक कार्यक्रम, पोषण मेला सह कुकिंग प्रतियोगिता, आईईसी सामग्री का प्रदर्शन सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

इस दौरान सेविका, महिला पर्यवेक्षिका एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों एवं लक्षित समूहों के साथ पोषण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बताया गया कि पोषण अभियान भारत सरकार की प्रमुख योजना है, जिसका उद्देश्य कुपोषण, एनीमिया एवं कम वजन की समस्या को दूर करना है। इसके तहत गोदभराई, अन्नप्राशन, पोषण किट वितरण, पोषण वाटिका निर्माण तथा पौष्टिक आहार पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका रिकॉर्ड पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में रखा जाता है।

8वें पोषण पखवाड़ा की थीम “जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क के विकास को अधिकतम करना” रखी गई है, जो मिशन पोषण 2.0 के तहत बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर केंद्रित है। खेल एवं नृत्य दिवस के माध्यम से बच्चों के स्थूल एवं सूक्ष्म मोटर कौशल, संतुलन और समन्वय का विकास किया गया, जिससे उनके आत्मविश्वास एवं संज्ञानात्मक क्षमता में भी वृद्धि होती है।

तिथि भोज/सामुदायिक कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ने और विशेष अवसरों पर बच्चों के साथ पौष्टिक भोजन साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं पोषण मेला एवं कुकिंग प्रतियोगिता में कम लागत वाले स्थानीय खाद्य पदार्थों से पौष्टिक व्यंजन तैयार कर उनके पोषण मूल्य की जानकारी दी गई।

आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) सामग्री के प्रदर्शन के जरिए स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया गया। साथ ही पोस्टर एवं नारा लेखन के माध्यम से भी जनसहभागिता सुनिश्चित की गई।

पोषण पखवाड़ा का संदेश “सही पोषण – देश रोशन” दिया गया है, जिसके माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: