


पूर्णिया। नगर निगम सभागार में मंगलवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप नगर आयुक्त एवं पदेन सदस्यों की उपस्थिति में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई और पूर्व में लिए गए निर्णयों व योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान महापौर विभा कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नगर विकास से जुड़ी सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कार्यों में लापरवाही पर सख्ती बरतने और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं एवं राहगीरों की समस्याओं को देखते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर 10 पिंक टॉयलेट और 10 सार्वजनिक शौचालय निर्माण का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही बढ़ती गर्मी को देखते हुए 25 स्थानों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर एटीएम स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। समिति ने यह भी तय किया कि इन योजनाओं की निविदा रख-रखाव सहित की जाएगी, ताकि उनकी नियमित देखरेख सुनिश्चित हो सके।
पिंक टॉयलेट और सार्वजनिक शौचालय के लिए खीरू चौक, बस स्टैंड, फूड पार्क, आरएन साह चौक, ब्लॉक कैंपस, बिहार टॉकीज रोड, खुश्कीबाग हटिया, मधुबनी हटिया, कोर्ट कैंपस, जनता चौक, डीएम कैंपस, गिरजा चौक और डीएवी चौक जैसे प्रमुख स्थानों का चयन किया गया है। वहीं वाटर एटीएम के लिए कोर्ट कैंपस, बस स्टैंड, फूड पार्क, काली मंदिर सिटी, डीएम कैंपस, नगर निगम परिसर, कटिहार मोड़, जीएमसीएच लाइन बाजार, मार्केटिंग गेट गुलाबबाग सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
इसके अलावा शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में एक हाई स्कूल या मिडिल स्कूल को “मॉडल स्कूल” के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। इन विद्यालयों में पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे, जहां छात्रों के लिए प्रतियोगिता परीक्षाओं, सामान्य ज्ञान एवं अन्य उपयोगी विषयों की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। साथ ही बुजुर्गों के लिए आध्यात्मिक व धार्मिक पुस्तकों की भी व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, समिति की पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, मुर्शीदा खातून, स्वपन घोष, प्रदीप जायसवाल, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, प्रधान सहायक उमेश यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम के इन निर्णयों से स्पष्ट है कि शहर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार तथा शिक्षा और जन सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है।















