


भागलपुर के समीक्षा भवन में सोमवार को भागलपुर जिला प्रभारी मंत्री सह जिला बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष नीतीश मिश्रा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों के बीस सूत्री अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बीस सूत्री कार्यक्रम के प्रभावी संचालन, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने प्रखंडवार जानकारी ली कि किन-किन प्रखंडों में बीस सूत्री समिति के लिए अलग कार्यालय उपलब्ध है। इस पर कई पदाधिकारियों ने बताया कि कुछ प्रखंडों में कार्यालय उपलब्ध हैं, जबकि कई प्रखंड अब भी कार्यालय विहीन हैं। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जिन प्रखंडों में बीस सूत्री समिति का कार्यालय उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र कार्यालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि अगले 15 दिनों के भीतर जिले के सभी प्रखंडों में बीस सूत्री समिति की बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी गंभीरता के साथ इन बैठकों का आयोजन सुनिश्चित करें। किसी कारणवश बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को अपना कारण स्पष्ट करना होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि संबंधित थाना प्रभारी भी इन बैठकों में भाग लें ताकि स्थानीय समस्याओं के समाधान में समन्वय स्थापित हो सके।
बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, उनके प्रभावी क्रियान्वयन तथा क्षेत्रीय विकास कार्यों की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संपन्न कराया जाए।
इस दौरान प्रखंड अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नीतीश मिश्रा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रखंड स्तर पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों एवं बीस सूत्री समिति के पदाधिकारियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया ताकि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं अधिकारियों से विकास कार्यों की सतत निगरानी करते हुए जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष संतोष कुमार साह एवं विपिन बिहारी सिंह, नगर विधायक रोहित पांडेय, कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक, उप समाहर्ता राजस्व दिनेश राम सहित बीस सूत्री समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
















