5
(1)

भागलपुर । केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में विशेष जनसंपर्क एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बिहार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेन्द्र ने सोमवार को कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं तथा जनता के आशीर्वाद से विकास की यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश को विकास की नई दिशा देने का कार्य किया है। गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।

भाजपा नवगछिया जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि 21 जून तक “विश्वास, विकास व जनकल्याण के 12 वर्ष” थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान के तहत केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि 20 जून तक विभिन्न स्थानों पर जन कल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना तथा विकसित भारत कार्यक्रम से संबंधित योजनाओं के पंजीकरण एवं लाभार्थियों को जानकारी देने पर विशेष जोर रहेगा।

अभियान के अंतर्गत प्रगति पथ यात्रा, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, जन कल्याण शिविर, सभागार बैठक, केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती कार्यशाला तथा जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मंत्री इं. शैलेन्द्र ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस स्थानीय योग समूहों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से मनाया जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल उपलब्धियों का प्रचार करना नहीं, बल्कि जनता के साथ संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को भी जानना है, ताकि विकास की गति और अधिक तेज की जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: