



बिहार चुनाव के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार चौबे ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। यह भेंट सौहार्दपूर्ण, आत्मीय और प्रेरणादायी रही। श्री चौबे ने बताया कि प्रधानमंत्री से प्राप्त मार्गदर्शन, स्नेह और आशीर्वाद ने उनके भीतर नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

भेंट के दौरान श्री चौबे ने पटना के गांधी मैदान में भगवान परशुराम जन्म महोत्सव के तहत 6 जुलाई 2025 को आयोजित सनातन महाकुंभ में पूजित भगवान श्रीराम की प्रतिमा को प्रधानमंत्री मोदी को ससम्मान समर्पित किया।
इसके साथ ही उन्होंने अंग प्रदेश की प्रसिद्ध मंजूषा पेंटिंग, मिथिला की पारंपरिक मिथिला पेंटिंग और इन दोनों की कला-सौंदर्यता से तैयार मिश्रित अंग वस्त्र भी प्रधानमंत्री को भेंट किए।

श्री चौबे ने अपनी रचनाधर्मिता का परिचय देते हुए अपनी पुस्तकों — “सनातन संग भारत”, “सनातन संवाद” और “केदारनाथ की त्रासदी (त्रिनेत्र)” — की प्रतियां भी प्रधानमंत्री को समर्पित कीं।
यह मुलाकात राष्ट्रहित, सांस्कृतिक विरासत और प्रेरणा का अद्भुत संगम रही, जिसने राजनीतिक और आध्यात्मिक दोनों ही स्तरों पर महत्वपूर्ण संदेश दिया।















