



भागलपुर के सुंदरवती महिला महाविद्यालय में परीक्षा भवन परिसर स्थित खेल मैदान में अंतर महाविद्यालय खो-खो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय की डीएसडब्ल्यू डॉ. अर्चना कुमारी द्वारा प्रतिभागी छात्राओं से परिचय प्राप्त कर उनके उत्साहवर्धन के साथ हुई।

कॉलेज प्रशासन की ओर से डीएसडब्ल्यू डॉ. अर्चना कुमारी का सम्मान अंग वस्त्र और पौधा भेंट कर किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न महाविद्यालयों की सैकड़ों छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमें अब विश्वविद्यालय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी।
भागलपुर विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि कुलपति के निर्देशानुसार छात्राओं को खेलों में समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुलपति की प्रेरणा से इस वर्ष महिला क्रिकेट की भी शुरुआत की जा रही है, जिसके तहत छात्राएं कॉलेज स्तर से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक क्रिकेट खेलते हुए दिखाई देंगी।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता ने जहाँ छात्राओं के उत्साह और प्रतिभा को नई उड़ान दी, वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन के खेल को बढ़ावा देने के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की।















