5
(1)

कटिहार। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने मंगलवार को कटिहार सदर प्रखंड अंतर्गत प्रखंड कृषि कार्यालय परिसर में आयोजित प्रखंड सहयोग एवं जनकल्याण शिविर का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख सोनी सिंह, एनडीए के वरिष्ठ नेता बब्बन झा, अमित कुमार गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कई दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं सहायक उपकरण (किट) प्रदान किए तथा हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया। मौके पर समाज कल्याण विभाग की सहायक निदेशक यशस्वी कुमारी भी उपस्थित थीं।

शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों ने आवेदन जमा किए। पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि यह जनकल्याण शिविर केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि यह शिविर तीन दिनों तक संचालित होगा और इसके माध्यम से ऐसे पात्र लाभार्थियों की पहचान की जाएगी जो अब तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को 30 दिनों के भीतर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर लाभ नहीं पहुंचाया गया तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में शासन व्यवस्था की परिभाषा बदल गई है। एनडीए सरकार ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाते हुए गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों को सम्मान देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजनीति में विकास और सुशासन की नई संस्कृति स्थापित हुई है। आज सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि किसी भी पात्र व्यक्ति का हक न मारा जाए। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों के अधिकारों के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा ग्रामीणों को अधिक से अधिक संख्या में सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: