


प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं कर्मियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
नवगछिया स्थित प्रेसीडेंसी इंटरनेशनल स्कूल में जीएस न्यूज़ अखबार द्वारा आयोजित “क्रिएटिव टैलेंट हंट” प्रतियोगिता का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शिक्षिकाओं एवं विद्यालय कर्मियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा वार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यार्थियों ने मंच पर सम्मान प्राप्त कर उत्साह व्यक्त किया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, समन्वयकों तथा अन्य कर्मियों को भी उनके योगदान और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गूंज और बच्चों के उत्साह से सराबोर रहा।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के अंदर छिपी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का कार्य करती हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य एवं विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि बच्चों को केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जीएस न्यूज़ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।

कार्यक्रम के समन्वयक पंकज कुमार ने कहा कि “क्रिएटिव टैलेंट हंट” का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में बच्चों की भागीदारी और उत्साह काफी सराहनीय रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। समारोह का समापन पुरस्कार वितरण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।















