


जलजमाव समाधान के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम निर्माण की उठाई मांग
पूर्णिया : पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने सोमवार को पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा तथा भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी नेताओं को बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की।

महापौर ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं का अनुभव और मार्गदर्शन समाज एवं प्रदेश के विकास के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग से जनहित के कार्यों को और मजबूती मिलेगी।
भेंटवार्ता के दौरान महापौर विभा कुमारी ने पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा को आवेदन सौंपकर शहर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आधुनिक स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के शीघ्र निर्माण की मांग की।

आवेदन में बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र में कुल 38 नालों के निर्माण की योजना बनाई गई थी, लेकिन प्रथम चरण में केवल पांच नालों को स्वीकृति मिली। इनमें भी अब तक मात्र तीन नालों पर ही कार्य शुरू हो पाया है, जबकि शेष योजनाएं लंबित हैं।
महापौर ने फेज-2 के तहत शेष 33 नालों की प्रशासनिक स्वीकृति और बजट आवंटन जल्द करने की मांग की, ताकि शहरवासियों को जलजमाव की गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में सड़क, नाला, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

महापौर ने 15 लाख रुपये से कम लागत वाली योजनाओं को विभागीय स्तर से पुनः क्रियान्वित कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि छोटी नालियों की मरम्मत, गलियों में पैचवर्क और सार्वजनिक स्थलों पर छोटी नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य लंबी निविदा प्रक्रिया के कारण प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने नगर विकास अंचल पूर्णिया में पदस्थापित कुछ अधिकारियों पर निविदाओं में अनियमितता के आरोपों की जांच कराने और कार्रवाई की मांग भी की।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि पूर्णिया तेजी से विकसित हो रहा शहर है। बढ़ती आबादी और शहरीकरण को देखते हुए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी हो गया है। विशेष रूप से जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम की तत्काल आवश्यकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मौके पर विधान परिषद के उप मुख्य सचेतक ललन सर्राफ भी मौजूद थे।
















