


पूर्णिया : असम, पश्चिम बंगाल एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में भाजपा पूर्णिया जिला इकाई द्वारा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर के आर.एन. शाह चौक पर भव्य विजय उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की धुन, रंग-बिरंगी आतिशबाजी और अबीर-गुलाल के साथ जश्न मनाया। साथ ही पारंपरिक मिठाइयों—रसगुल्ला और झालमुड़ी—का वितरण कर जीत की खुशी आम लोगों के बीच साझा की गई। कार्यक्रम स्थल पर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
पार्टी नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि यह विजय केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि देश की जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व, सुशासन और विकास की राजनीति पर अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि असम और पुडुचेरी में क्लीन स्वीप तथा पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक प्रदर्शन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता अब स्थिर, पारदर्शी और राष्ट्रहित में कार्य करने वाली सरकार चाहती है।

वक्ताओं ने कहा कि यह जीत करोड़ों कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और संगठन की मजबूती का परिणाम है। विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में मिली सफलता को राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों की पूर्ति के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री अनिल ठाकुर, निवर्तमान जिला अध्यक्ष मनोज सिंह, जिला महामंत्री अरुण रॉय, पुलक, संजय पोद्दार, जिला उपाध्यक्ष राम नारायण मेहता, अर्चना शाह, जिला मंत्री संजय मिर्धा, मीनाक्षी सिन्हा, पिंटू पांडेय, सचिन रॉय, मीडिया प्रभारी राहुल सिंह, गुप्तेश कुमार, संजय मोहन, मृगेंद्र देव, विकास चौधरी, अरविंद कुमार भोला, राजेश यादव, बबलू सहाय, अर्जुन सिंह, ललन सिंह, मनोज हार्दिक, युवा जिला अध्यक्ष सुमित सिंह, पिछड़ा मोर्चा के प्रकाश कुमार दास, अभ्यम लाल, रितेश सिंह, मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह, गोपाल सिन्हा, अमृत चौरसिया, महिला मोर्चा से आरती जायसवाल, दीपमाला तोशी, पूजा चौधरी, सोनिका पाहूजा, जुलाई आर्य, रूमा दास सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और भविष्य में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
















