5
(1)

पूर्णिया । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा बिहार सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर ऊर्जा विभाग द्वारा आयोजित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के कार्य का शुभारंभ किया गया। पटना से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया, जिसका सीधा प्रसारण पूर्णिया के महानंदा सभागार में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यक्रम में किया गया। इस अवसर पर पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के प्रथम चरण में 1512 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के 2.50 लाख बीपीएल परिवारों के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्णिया जिले के लगभग 8,000 बीपीएल परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इन परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाए जाने के बाद उन्हें प्रतिमाह 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध हो सकेगी।

विधायक ने कहा कि योजना के प्रथम चरण का शुभारंभ पूर्णिया जिले से किया गया है। नगर क्षेत्र के 10 बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर पैनल स्थापित कर इसकी शुरुआत की गई है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के सभी चिन्हित लाभार्थियों को इस योजना से जोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सामान्य उपभोक्ताओं के लिए भी सोलर पैनल लगाने पर सरकार द्वारा अनुदान की व्यवस्था की गई है।

विजय खेमका ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार द्वारा पूर्णिया को 50 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई गई हैं। इन बसों के संचालन के लिए जिला परिवहन विभाग परिसर, थाना चौक में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कराया गया है, जिसका उद्घाटन भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया गया। इससे जिले के लोगों को बेहतर एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने बिजली विभाग के शहरी एवं ग्रामीण कार्यपालक अभियंताओं को 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र एवं पूर्णिया पूर्व प्रखंड में केबल तार, विद्युत पोल, कृषि विद्युत कनेक्शन, नए ट्रांसफॉर्मर लगाने तथा पुराने ट्रांसफॉर्मरों को बदलने की आवश्यकता वाले स्थलों की सूची विभाग को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पूर्णिया के सर्वांगीण विकास के लिए उनके प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने पूर्णिया को विभिन्न विकास योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा ऊर्जा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी सहित ऊर्जा विभाग एवं जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: