


पूर्णिया । बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में “अवर निरीक्षक मद्य निषेध” पद पर नियुक्ति के लिए 12 जुलाई 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा एकल पाली में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगी।
जिला मुख्यालय के 8 परीक्षा केंद्रों पर कुल 3,625 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिलाधिकारी अंशुल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन की संयुक्त अध्यक्षता में केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी अधिकारियों को समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा जैमर की व्यवस्था की गई है।
अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। प्रवेश के समय सघन तलाशी, एडमिट कार्ड का सत्यापन और बायोमेट्रिक मिलान के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट व सामान्य घड़ी, ब्लूटूथ, वाई-फाई डिवाइस, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कागज के टुकड़े, स्टेशनरी बॉक्स सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत 12 जुलाई को निषेधाज्ञा लागू की गई है।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला साइबर सेल सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखेगी। अफवाह या भ्रामक खबर फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-243000, 06454-242310 एवं 06454-241555 जारी किए गए हैं।
















