
निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने का निर्देश, स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से सीमांचल के खिलाड़ियों को मिलेगी आधुनिक प्रशिक्षण सुविधा
पूर्णिया । पूर्णिया में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का विधायक विजय खेमका ने मंगलवार को निरीक्षण किया। रणभूमि मैदान के समीप लगभग पांच एकड़ जमीन पर बिहार सरकार के खेल विभाग की ओर से करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से इस परिसर का निर्माण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला खेल पदाधिकारी, विभागीय डीपीएम और निर्माण एजेंसी के कनीय अभियंता ने विधायक को परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और प्रस्तावित खेल सुविधाओं से अवगत कराया।
वेटलिफ्टिंग और साइक्लिंग के प्रशिक्षण केंद्र होंगे स्थापित
मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किया जा रहा है। यहां वेटलिफ्टिंग और साइक्लिंग के प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा बैडमिंटन, वॉलीबॉल, जिम सहित विभिन्न खेलों के अभ्यास और प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
परिसर में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तैयार होने से पूर्णिया और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर आधारभूत संरचना मिलने की उम्मीद है।
निर्माणाधीन हिस्सों का लिया जायजा
विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण के दौरान वेलोड्रम ट्रैक, बहुउद्देशीय हॉल, प्रशासनिक भवन, मल्टीस्पोर्ट्स कोर्ट, यूटिलिटी ब्लॉक और इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित निर्माणाधीन विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।

विधायक ने कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाएं, ताकि निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी हो सके और खिलाड़ियों को जल्द इसका लाभ मिले।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर
विधायक ने कहा कि स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पूर्णिया के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण देने और उनकी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इस तरह की अत्याधुनिक खेल सुविधाएं सीमित स्थानों पर उपलब्ध हैं। इस केंद्र के निर्माण से पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र के खिलाड़ियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलने से खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अधिक अवसर मिलेंगे। खेल आधारभूत संरचना का विकास युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
अन्य खेल परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाने का प्रयास
विधायक विजय खेमका ने बताया कि पूर्णिया में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए नेशनल फुटबॉल ग्राउंड, आर्चरी रेंज, नेशनल क्रिकेट ग्राउंड और स्विमिंग पूल परिसर के निर्माण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं को खेलो इंडिया योजना के माध्यम से आगे बढ़ाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा और पूर्णिया को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता गोपाल सिन्हा, अजीत सिन्हा, राकेश शर्मा, विनोद सिन्हा, राकेश सिंह उर्फ सोनू सहित खेल प्रेमी गौरव कुमार, मुकेश चौधरी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।















