


पूर्णिया: नगर निगम सभागार में मंगलवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या, सड़क मरम्मत, स्वच्छता, शहरी सौंदर्यीकरण तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही पिछली बोर्ड बैठक में लिए गए प्रस्तावों के क्रियान्वयन की बिंदुवार समीक्षा भी की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि बोर्ड द्वारा लिए गए सभी निर्णयों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने लंबित विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
बैठक में बुडको के परियोजना निदेशक को प्रतिवेदन के साथ उपस्थित होना था, लेकिन उनके स्थान पर संवेदक का प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुआ, जो बोर्ड के सदस्यों के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर सदन ने इसे बोर्ड की अवहेलना मानते हुए संबंधित विभाग को पत्र भेजने का सर्वसम्मत निर्णय लिया।
स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बोर्ड ने सभी सफाई एजेंसियों को प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाव तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मानसून के मद्देनजर शहर की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल मोटरेबल बनाने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य कराने का भी निर्णय लिया गया।
जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की व्यापक सफाई कराने तथा जल निकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण की योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने पर सहमति बनी। नगर निगम के सभी पार्कों में कैंटीन खोलने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर ऑक्टागोनल पोल एवं तिरंगा लाइट लगाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में कप्तान पुल स्थित नवनिर्मित विद्युत शवदाह गृह के संचालन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बोर्ड ने आउटसोर्सिंग के माध्यम से पांच कर्मियों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया, जिनमें दो मशीन ऑपरेटर, दो सफाई कर्मी और एक माली शामिल होंगे। विद्युत शवदाह के लिए 200 रुपये, घाट राजा शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया, जबकि लकड़ी से अंतिम संस्कार निशुल्क रहेगा। लकड़ी की व्यवस्था परिजन स्वयं करेंगे। वहीं अत्यंत गरीब, असहाय, बेसहारा एवं लावारिस शवों का अंतिम संस्कार पूरी तरह निशुल्क करने का भी निर्णय लिया गया।
यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए शहर के व्यस्त चौराहों, स्कूलों, अस्पतालों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर रबरयुक्त स्पीड ब्रेकर लगाने तथा बाड़ीहाट स्थित प्रस्तावित पार्क के सामने स्वपोषित योजना के तहत दुकानों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई।
बैठक के दौरान वार्ड संख्या-2 के पार्षद द्वारा मंदिर के निकट संचालित मछली बाजार का मुद्दा उठाया गया, जिस पर प्रभारी नगर आयुक्त ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं स्ट्रांग वाटर ड्रेनेज योजना के तहत नाला निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्णय लिया गया कि यदि संबंधित एजेंसी ने कार्य में तेजी नहीं लाई तो उसका एकरारनामा रद्द कर ब्लैकलिस्ट किया जाएगा तथा उसके विरुद्ध सर्टिफिकेट केस दर्ज कर बढ़ी हुई लागत की वसूली की अनुशंसा की जाएगी।
बोर्ड ने यह भी निर्णय लिया कि नगर निगम क्षेत्र में निर्मित किसी भी सड़क के निर्माण के तीन वर्ष के भीतर क्षतिग्रस्त होने पर संबंधित संवेदक को एक सप्ताह के भीतर उसकी मरम्मत करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर उसे डिबार करने एवं काली सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान निर्णय लिया गया कि जिन लाभुकों ने राशि प्राप्त करने के बावजूद अब तक आवास निर्माण शुरू नहीं किया है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। वहीं जिन लाभार्थियों के मकान पूर्ण हो चुके हैं, उनके लंबित भुगतान का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया गया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि नगर निगम क्षेत्र के भट्ठा बाजार, खुश्कीबाग हाट, मधुबनी हाट तथा बिहार टॉकीज मोड़-लाइन बाजार में प्रस्तावित बीजी+5 (बेसमेंट, ग्राउंड एवं पांच मंजिला) मल्टीप्लेक्स भवन निर्माण के लिए भेजे गए प्रस्ताव को अर्बन चैलेंज फंड से स्वीकृति मिल चुकी है। स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस उपलब्धि पर महापौर एवं सभी पार्षदों ने विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
महापौर विभा कुमारी ने बैठक के अंत में अधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ विकास कार्यों को पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम का लक्ष्य पूर्णिया को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुविधायुक्त शहर बनाना है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रभारी नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, नगर निगम के सभी वार्ड पार्षद, सिटी मैनेजर पवन कुमार, प्रधान सहायक उमेश यादव सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















