


पूर्णिया: जिले में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों में कानून का भय पैदा करने के उद्देश्य से पूर्णिया पुलिस ने विशेष ‘बाइकर्स टीम’ का गठन किया है। आधुनिक हथियारों और विशेष प्रशिक्षण से लैस यह टीम शहर में 24 घंटे गश्त कर अपराध की रोकथाम करेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम को पूरी तरह तैयार किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक परिस्थितियों में कानून के दायरे में रहते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विवेकानंद एवं पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने संयुक्त रूप से इस विशेष बाइकर्स दस्ते को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
15 टीमों में 80 पुलिसकर्मी, 40 बाइकों पर करेंगे गश्त
एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि कुल 15 बाइकर्स टीमों का गठन किया गया है। इनमें 40 मोटरसाइकिलों पर 80 प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सभी जवान अलग-अलग शिफ्ट में 24 घंटे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गश्त करेंगे, जिससे हर समय पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहेगी और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि बाइकर्स टीम के जवानों की वर्दी सामान्य पुलिसकर्मियों से अलग होगी, जिससे आम लोग उन्हें आसानी से पहचान सकेंगे। टीम को अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराए गए हैं तथा उन्हें विशेष शस्त्र संचालन और आपातकालीन कार्रवाई का प्रशिक्षण भी दिया गया है।
संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष नजर
आईजी विवेकानंद ने कहा कि पूर्णिया में बढ़ते अपराध को चुनौती के रूप में स्वीकार करते हुए यह बाइकर्स टीम लगातार ‘मूविंग मोड’ में कार्य करेगी। शहर के संवेदनशील एवं व्यावसायिक क्षेत्रों, बैंक, वित्तीय संस्थानों, आभूषण दुकानों तथा भीड़भाड़ वाले बाजारों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि लूट, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।
एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर बढ़ेगी सुरक्षा
पुलिस प्रशासन ने शहर के सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त करने का निर्णय लिया है। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस का पहला उद्देश्य आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना होगा। इसके लिए बाइकर्स टीम को त्वरित प्रतिक्रिया (क्विक रिस्पॉन्स) के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है।
अपराधियों पर सख्त कार्रवाई का संदेश
एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी गंभीर आपराधिक घटना के दौरान हालात की मांग हुई तो पुलिस कानून के दायरे में रहते हुए प्रभावी और कठोर कार्रवाई करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि डकैती, लूट और संगठित अपराध जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह विशेष टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बाइकर्स टीम के सक्रिय होने से शहर में पुलिस की त्वरित मौजूदगी सुनिश्चित होगी, अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
















