


पूर्णिया। पूर्णिया में फिटनेस और रनिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सक्रिय पूर्णिया रन क्लब के 10 धावकों ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित Tuffman Half Marathon में हिस्सा लिया। मैराथन की शुरुआत सुबह 5 बजे हुई। क्लब के धावकों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में सफलतापूर्वक दौड़ पूरी कर पूर्णिया और बिहार का प्रतिनिधित्व किया।

इस मैराथन में क्लब की ओर से डॉ. हिमांशु प्रथम स्थान पर रहे, जबकि प्रीतम आनंद ने दूसरा और अमन वर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मैराथन में प्रीतम आनंद, अमन वर्मा, डॉ. हिमांशु, रवि रंजन, शौर्य रॉय, विकास आदित्य, आयुष ठाकुर, ऋत्विक मिश्रा, सुमिरन कार्की और भावी गुम्बर सहित क्लब के धावकों ने हिस्सा लिया।
पूर्णिया रन क्लब पिछले कुछ समय से शहर में रनिंग, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर सकारात्मक मुहिम चला रहा है। क्लब का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं को नियमित व्यायाम और रनिंग से जोड़ना तथा पूर्णिया में एक मजबूत फिटनेस कम्युनिटी तैयार करना है।

क्लब के सदस्यों का कहना है कि मैराथन में भाग लेना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूर्णिया में फिटनेस और रनिंग कल्चर को बढ़ावा देने की दिशा में एक कदम है। “फिट रहेगा पूर्णिया, तभी तो आगे बढ़ेगा पूर्णिया” के संदेश के साथ क्लब अधिक से अधिक लोगों को रनिंग कम्युनिटी से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है।
















