5
(1)



पूर्णिया।पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव का एक अलग और प्रेरणादायक अंदाज शनिवार को देखने को मिला, जब वे जलालगढ़ स्थित निजी कोचिंग संस्थान बिस्वास फाउंडेशन में छात्रों के बीच शिक्षक की भूमिका में नजर आए। कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित थे, लेकिन औपचारिक संबोधन के बजाय सीधे कक्षा में पहुंचकर इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को पढ़ाना शुरू कर दिया।


ब्लैकबोर्ड के सामने खड़े होकर सांसद ने गणित के सूत्रों के माध्यम से जीवन दर्शन समझाया। उन्होंने 1+1=11 लिखकर संगठन और एकता की शक्ति को समझाया। इसके साथ ही 1+1=1 को आध्यात्मिकता, 1+1=0 को मृत्यु तथा 1+1= -1 को राजनीति से जोड़ते हुए छात्रों को जीवन के विभिन्न पहलुओं पर विचार करने के लिए प्रेरित किया।

छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन का उद्देश्य पहचानने का मार्ग है। उन्होंने अपनी दिनचर्या साझा करते हुए कहा कि आज भी संसद जाने से पहले वे प्रतिदिन कम से कम दो घंटे अध्ययन करते हैं।


सांसद द्वारा ली गई इस विशेष कक्षा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने स्वयं अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो साझा करते हुए छात्रों की जिज्ञासा और ऊर्जा की सराहना की। संस्थान के शिक्षक आलोक बिस्वास ने बताया कि सांसद के इस अनोखे अंदाज से छात्र और शिक्षक दोनों काफी प्रेरित हुए।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, नैतिकता और अध्यात्म पर विशेष चर्चा हुई। सांसद ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, अनुशासन और निरंतर अध्ययन को जीवन में सफलता का मूल मंत्र बताया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: