


पूर्णिया।पूर्णिया जंक्शन स्थित रैक प्वाइंट के बजरंग बली मंदिर में अष्टयाम-संकीर्तन के शुभारंभ के अवसर पर शनिवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु हाथों में कलश लेकर भक्ति गीतों और जय श्रीराम एवं बजरंग बली के जयघोष के साथ नगर भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंचे। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से ओतप्रोत इस आयोजन में सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी जितेंद्र यादव भी शामिल हुए।
इस अवसर पर जितेंद्र यादव ने कहा कि अष्टयाम-संकीर्तन जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द को मजबूती मिलती है।

उन्होंने आयोजन समिति एवं श्रद्धालुओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। साथ ही उन्होंने बजरंग बली से सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु, महिला-पुरुष एवं युवा शामिल रहे। अष्टयाम-संकीर्तन के दौरान लगातार भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।














