5
(1)



पूर्णिया। विद्या विहार करियर प्लस (वीवीसीपी), पूर्णिया द्वारा आयोजित छह दिवसीय आईओक्यूएम-2026 बूट कैंप का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। गणितीय प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं (गणित संकाय) के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

छह दिनों तक चले इस बूट कैंप में विद्यार्थियों को भारतीय गणित ओलंपियाड योग्यता परीक्षा (आईओक्यूएम) एवं अन्य गणित ओलंपियाड प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान तार्किक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता, समस्या समाधान कौशल तथा प्रतियोगी गणित की उन्नत अवधारणाओं पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल परीक्षा की तैयारी कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में गणित के प्रति गहरी रुचि और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना भी था।

समापन समारोह में आयोजित संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को भविष्य की तैयारी में उपयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं संस्थान के अधिकारियों के साथ सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।

इस अवसर पर वीवीसीपी के निदेशक प्रशांत शंकर ने कहा कि प्रत्येक समापन अपने भीतर एक नई शुरुआत का संदेश लेकर आता है। उन्होंने कहा कि गणित केवल एक विषय नहीं, बल्कि सोचने और समस्याओं को समझने की एक कला है। बूट कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को इसी दृष्टिकोण से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां प्राप्त प्रशिक्षण विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मजबूत आधार प्रदान करेगा।

संस्थान के जनसंपर्क पदाधिकारी ने बताया कि आईओक्यूएम-2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा आवेदन की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2026 निर्धारित है। परीक्षा आगामी 6 सितंबर 2026 को देशभर के निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। यह गणित ओलंपियाड चयन प्रक्रिया का प्रथम चरण है, जिसके माध्यम से सफल विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड तक पहुंचते हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 और 2025 में वीवीसीपी के विद्यार्थियों ने आईओक्यूएम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्रीय गणित ओलंपियाड (आरएमओ) के लिए उल्लेखनीय संख्या में चयन प्राप्त किया था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संस्थान द्वारा समय-समय पर ऐसे विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

संस्थान ने उम्मीद जताई है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी आईओक्यूएम में सफलता प्राप्त कर पूर्णिया एवं सीमांचल क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे। बूट कैंप के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता को नई ऊर्जा मिली है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: