


नवगछिया। खरीक प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मंडल टोला, तुलसीपुर की शिक्षिका गुड़िया कुमारी को गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचारी शिक्षण कार्यों के लिए प्रमंडलस्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। तिलकामांझी स्थित वृंदावन कॉन्फ्रेंस हॉल में ‘मेरा मोबाइल–मेरी शिक्षा’ अभियान के तहत आयोजित समारोह में उन्हें स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

समारोह में भागलपुर और बांका जिले के कुल 118 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनमें गुड़िया कुमारी भी शामिल रहीं। उनकी उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे खरीक प्रखंड में खुशी का माहौल है। गुड़िया कुमारी ने कहा कि गतिविधि आधारित शिक्षण, संगीत और नवाचार के माध्यम से पढ़ाई को बच्चों के लिए सरल, रोचक और प्रभावी बनाया जा सकता है, जिससे उनमें सीखने की रुचि बढ़ती है।
















