


नवगछिया पहुंचे सांसद पप्पू यादव, परिजनों से मिल जताया दुख
नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए रंगदारी नहीं देने पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार खरीक थाना क्षेत्र के कठेला इलाके में शनिवार रात कुछ बदमाश शराब पीने के लिए युवक से रुपये की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर अपराधियों ने खरीक बाजार निवासी विजय मोदी के 25 वर्षीय पुत्र कन्हैया कुमार मोदी को सरेआम गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस हरकत में आई और महज चार घंटे के भीतर मुख्य आरोपी ऋषव चौधरी समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे हमेशा क्षेत्र की जनता के साथ खड़े हैं।
सांसद पप्पू यादव ने ग्रामीणों से कहा कि वे कहीं भी रहें, जरूरत पड़ने पर 10 घंटे के भीतर लोगों के बीच पहुंच जाएंगे। इस दौरान उन्होंने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
युवक की हत्या के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण की मांग की है।















