


नवगछिया। नवगछिया मालगोदाम स्थित रेलवे रैक पॉइंट पर पहुंची यूरिया खाद का उठाव करने से रासायनिक खाद के थोक विक्रेताओं ने इनकार कर दिया है। विक्रेताओं ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर जिला कृषि पदाधिकारी, भागलपुर को लिखित आवेदन सौंपकर स्थिति से अवगत कराया है।
थोक विक्रेताओं का कहना है कि कंपनियों की ओर से बिना पर्याप्त परामर्श के यूरिया के साथ अन्य उत्पाद लेने का दबाव बनाया जाता है। इसके अलावा खुदरा विक्रेताओं तक एफओआर व्यवस्था के तहत खाद पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से उन्हें अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विक्रेताओं ने कहा कि जब तक खुदरा विक्रय बिंदु और एफओआर व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक वे रैक पॉइंट से यूरिया खाद का उठाव नहीं करेंगे। उनका कहना है कि इन व्यवस्थाओं के स्पष्ट होने के बाद ही खाद उठाव की प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू की जाएगी।
वहीं, जिला कृषि पदाधिकारी ने थोक विक्रेताओं की समस्याओं पर बातचीत कर समाधान का आश्वासन दिया है। अधिकारियों और विक्रेताओं के बीच बातचीत के बाद ही यूरिया उठाव को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
















