


जोधपुर। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ रॉयल लेडीज द्वारा फेडरेशन ऑफिसर निरूपा पटवा के नेतृत्व में विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मथुरादास माथुर अस्पताल के चिकित्सकों को सम्मानित करने के साथ-साथ केंद्रीय जेल में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया।
कार्यक्रम के तहत मथुरादास माथुर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अरविंद चौहान, डॉ. रानू शर्मा, डॉ. सिमरन सिंह सहित कई चिकित्सकों को माला एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण, सेवा भावना एवं मानवता के प्रति योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष तारा सोलंकी एवं सचिव पूनम राठी ने कहा कि चिकित्सक मानवता के सच्चे सेवक हैं, जो दिन-रात मरीजों की सेवा में समर्पित रहते हैं। उनके अथक प्रयासों से अनगिनत लोगों को नया जीवन मिलता है। ऐसे चिकित्सकों का सम्मान करना समाज का दायित्व है।
फेडरेशन ऑफिसर निरूपा पटवा ने बताया कि संस्था द्वारा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर केंद्रीय जेल में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में करीब 150 बंदियों की आंखों की जांच की गई तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें नि:शुल्क चश्मे भी वितरित किए गए।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान जेल अधीक्षक प्रमोद सिंह शेखावत, जेलर डॉ. उपेंद्र सिंह, डिप्टी जेलर कालूराम एवं सुखबीर सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने संस्था एवं उसकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जायंट्स ग्रुप ऑफ रॉयल लेडीज वर्षभर विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन करता रहता है और इसी श्रृंखला में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मंजू अग्रवाल, शालू गोलिया, अंकिता परिहार सहित संस्था के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
















