


भागलपुर। भागलपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर चलती ट्रेन से उतरने के दौरान फिसल रही एक महिला यात्री को आरपीएफ के उप निरीक्षक ने समय रहते बचा लिया।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ के उप निरीक्षक संतोष कुमार प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन संख्या 13072 डाउन जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस से एक महिला यात्री चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रही थी। उतरते समय महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म तथा रेलवे ट्रैक के बीच के गैप की ओर फिसलने लगी।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उप निरीक्षक संतोष कुमार ने तत्काल फुर्ती दिखाते हुए महिला को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर खींच लिया। उनकी तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान शिद्रा बेगम (25 वर्ष) के रूप में बताई। सुरक्षित बचाए जाने के बाद महिला ने आरपीएफ जवान का आभार व्यक्त किया। वहीं स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने भी आरपीएफ कर्मी की बहादुरी और सूझबूझ की सराहना की।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
















