


10 करोड़ की योजना का किया निरीक्षण, अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का दिया निर्देश
भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय कुमार मंडल ने सबौर प्रखंड अंतर्गत ममलखा पंचायत के चायचक से ममलखा तक चल रहे बाढ़ कटावरोधी कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, भागलपुर की ओर से लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे इस महत्वपूर्ण कार्य का सांसद ने गहनता से जायजा लिया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सांसद अजय कुमार मंडल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कटावरोधी कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ और कटाव से प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांसद ने कहा कि गंगा कटाव से हर वर्ष इलाके के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। किसानों की जमीन, घर और सड़कें लगातार कटाव की चपेट में आती रही हैं। ऐसे में यह परियोजना क्षेत्र के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है और इसके सफल क्रियान्वयन से ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। ग्रामीणों ने कटाव की गंभीर समस्या से अवगत कराते हुए स्थायी समाधान की मांग की। इस पर सांसद ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की बाढ़ एवं कटाव संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और सरकार स्तर पर भी आवश्यक पहल की जाएगी।
मौके पर बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित रहे। वहीं ममलखा पंचायत के मुखिया अभिषेक अर्णव, समाजसेवी दिलीप नेता, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार मंडल, पूर्व उपमुखिया प्रफुल प्रताप यादव, सरपंच शंकर मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
















