


‘
नवगछिया। नवगछिया अनुमंडल के सहौरा स्थित श्री शिर्डी साईंनाथ दरबार, साईं नगर में शनिवार को जयपुर में निर्मित साईंनाथ की प्रतिमा पहुंची। प्रतिमा के निजी वाहन से पहुंचते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल बन गया। आम लोगों के सहयोग से श्री सद्गुरु साईंनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में साईंनाथ के भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया है, जहां अब साईंनाथ की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
प्रतिमा के आगमन के साथ ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने साईंनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की। स्थापना समारोह को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्सुकता बनी हुई है।

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शुभम यादव ने कहा कि साईंनाथ का संदेश ‘सबका मालिक एक’ मानवता, प्रेम, शांति और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और सबूरी के मार्ग पर चलने से समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। साईंनाथ की प्रतिमा के आगमन से क्षेत्र के लोगों में धार्मिक उत्साह के साथ सुख, शांति और समृद्धि की उम्मीद जगी है।
डॉ. पी. राम केडिया ने कहा कि साईंनाथ की महिमा अपरंपार है। उनके जीवन और संदेश का स्मरण समाज को सेवा, प्रेम और सद्भाव की प्रेरणा देता है। समिति के कोषाध्यक्ष सुरेश प्रसाद ने आम लोगों से श्री शिर्डी साईंनाथ दरबार के स्थापना कार्य में सहयोग करने की अपील की।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री शिव शक्ति योगपीठ के पीठाधीश्वर परम पूज्य स्वामी आगमानंद जी महाराज के मार्गदर्शन में साईंनाथ दरबार में भव्य प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा। प्राण-प्रतिष्ठा की तिथि समिति के पदाधिकारियों द्वारा जल्द निर्धारित की जाएगी।

प्रतिमा के आगमन के साथ ही सहौरा और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। समिति की ओर से समारोह की तैयारियां भी शुरू की जा रही हैं।
















