


नवगछिया : क्षेत्र में जर्जर सड़कों और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। ताजा मामला मसुदनपुर वैसी गांव का है, जहां सड़क पर बने गड्ढे में बाइक चले जाने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान मशुदनपुर वैसी निवासी कैलाश दास के पुत्र संजय दास के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, संजय दास रविवार को बाइक से किसी काम से घर से निकले थे। इसी दौरान गांव के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे में उनकी बाइक अचानक असंतुलित होकर चली गई। गड्ढा काफी गहरा होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और युवक सड़क पर गिर पड़ा। हादसा इतना तेज था कि उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल युवक को संभाला। सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से संजय दास को तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए युवक को पूर्णिया रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक को अंदरूनी चोटें भी आई हैं, जिसके कारण उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेजना आवश्यक समझा गया।
















