


मृत पति के नाम पर पॉलिसी लेकर क्लेम करने का आरोप
नवगछिया संवाददाता। रंगरा थाना पुलिस ने जालसाजी और फर्जी बीमा क्लेम मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान रंगरा थाना क्षेत्र के भीमदासटोला निवासी कारे मंडल की पत्नी सुनैना देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल को आईसीआईसीआई प्रुडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, भागलपुर के कर्मी संजीव कुमार ने रंगरा थाना में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया था। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि सुनैना देवी ने अपने पति के नाम पर बीमा पॉलिसी ली, जबकि उसके पति की मौत वर्ष 2022 में ही हो चुकी थी।

आरोप है कि पति की मृत्यु के बावजूद महिला ने फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर वर्ष 2023 में बीमा पॉलिसी कराई और वर्ष 2024 में बीमा क्लेम प्राप्त करने का प्रयास किया।
मामले की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान आरोप सही पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है।
















