


बेलौरी में आयोजित शिविर का महापौर, विधायक और नगर आयुक्त ने किया उद्घाटन
पूर्णिया। बिहार सरकार के निर्देशानुसार मंगलवार को पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 42, 43 एवं 44 के नागरिकों के लिए अंचित साह उच्च विद्यालय, बेलौरी परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी, सदर विधायक विजय खेमका, उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, नगर आयुक्त श्रीकुमार मंगलम, वार्ड पार्षद उर्मिला देवी, चांदनी देवी एवं पूनम देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में नागरिकों की सुविधा के लिए वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, वेंडिंग जोन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क एवं नाला निर्माण, नक्शा स्वीकृति, स्वच्छता, होल्डिंग टैक्स, मुद्रा लोन, पीएम स्वनिधि योजना, ट्रेड लाइसेंस, अतिक्रमण, भूमि मापी, सैरात एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा आवेदन प्राप्त किए।
इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि सहयोग शिविर राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। शिविर में प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा उसकी जानकारी भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
महापौर ने नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस प्रकार के शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि नगर निगम आमजन की सेवा एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नगर आयुक्त श्रीकुमार मंगलम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। इससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान संभव हो पाता है। उन्होंने बताया कि नागरिकों द्वारा दिए गए आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को इस प्रकार के सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न योजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित आवेदन जमा किए तथा अधिकारियों से अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर जानकारी प्राप्त की। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया और उन्होंने इस पहल की सराहना की।
मौके पर नगर निगम के प्रधान सहायक उमेश यादव, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ललनेश सिंह, मनोज साह, शंकर यादव सहित नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।














