5
(2)

20 स्टॉलों पर सुनी गईं लोगों की समस्याएं, महापौर ने अधिकारियों को शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश

पूर्णिया। बिहार सरकार के निर्देश के तहत मंगलवार को पूर्णिया नगर निगम की ओर से वार्ड संख्या-17 में रंगभूमि मैदान के समीप स्थित पशुपालन विभाग के कार्यालय परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वार्ड संख्या 13, 14, 16, 17 एवं 18 से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और नगर निगम से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं कार्यों के लिए आवेदन दिए। शिविर में कुल 101 आवेदन प्राप्त हुए।

नागरिकों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं सेवाएं

सहयोग शिविर का उद्देश्य नगर निगम से जुड़ी विभिन्न सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। इसके लिए नगर निगम की विभिन्न शाखाओं से संबंधित अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे।

शिविर में स्वास्थ्य, प्रकाश, आवास, सैरात, होल्डिंग टैक्स, मुद्रा ऋण एवं पीएम स्वनिधि योजना, सफाई, भवन मानचित्र, मत्स्य, पेयजल, आपूर्ति, सड़क एवं नाला योजना, अतिक्रमण मापी, ट्रेड लाइसेंस, पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र और समाज कल्याण सहित विभिन्न शाखाओं के कुल 20 स्टॉल लगाए गए।

सभी स्टॉलों पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और विभिन्न कार्यों से संबंधित आवेदन जमा किए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों की समस्याएं सुनने के साथ उनके आवेदनों का पंजीकरण किया।

महापौर ने सभी स्टॉलों का किया निरीक्षण

सहयोग शिविर का महापौर विभा कुमारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने एक-एक कर सभी स्टॉलों पर पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

महापौर ने कहा कि नागरिकों की ओर से दिए गए प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जाए और उसके समाधान की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

त्वरित और पारदर्शी समाधान की पहल है सहयोग शिविर : महापौर

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि सहयोग शिविर केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, भवन नक्शा, होल्डिंग टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित नगर निगम से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के लिए नागरिक शिविर में आवेदन दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और उसकी प्रगति की जानकारी भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। नगर निगम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। यदि किसी नागरिक की समस्या किसी कारणवश अब तक लंबित है तो सहयोग शिविर के माध्यम से उसके समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने नागरिकों से ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। महापौर ने कहा कि जनता की सहभागिता और सुझाव पूर्णिया को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं विकसित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जनप्रतिनिधियों और कर्मियों के सम्मान को लेकर महापौर नाराज

सहयोग शिविर के दौरान कुछ जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम कर्मियों के साथ कथित रूप से किए गए अपमानजनक व्यवहार को लेकर महापौर विभा कुमारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कुछ जनप्रतिनिधियों की ओर से नगर निगम को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सहयोग शिविर के दौरान भी नगर निगम कर्मियों, वार्ड पार्षदों और पार्षद प्रतिनिधियों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया, जो निंदनीय है।

महापौर ने कहा कि शालीनता को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरों को सम्मान देना उनका संस्कार है, लेकिन यदि किसी का अपमान किया जाता है तो उसका उचित प्रतिकार भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के साथ-साथ नगर निगम के कर्मचारियों और वार्ड पार्षदों का सम्मान उनके लिए सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि सांसद और विधायक की तरह वार्ड पार्षद भी जनता द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधि हैं और उनके सम्मान की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। महापौर ने कहा कि वह भी जनता का मत प्राप्त कर निर्वाचित हुई हैं और किसी की कृपापात्र नहीं हैं।

महापौर ने सभी जनप्रतिनिधियों से पूर्वाग्रह छोड़कर पूर्णिया के विकास और जनता के हित में मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता हर गतिविधि पर नजर रख रही है और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे आपसी समन्वय और सम्मान के साथ शहर के विकास में योगदान दें।

मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री के प्रति जताया आभार

महापौर ने सहयोग शिविर के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों से शासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।

शिविर में सदर विधायक विजय खेमका, सदर डीएसपी अभिनव पाराशर, नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडेय, उप महापौर पल्लवी गुप्ता सहित कई वार्ड पार्षद, पार्षद प्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इस दौरान वार्ड पार्षद आशा महतो, अमित कुमार सोनी, फातिमा, नवल जायसवाल, राकेश कुमार राय, अंजनी साह, तौकीर रियाज उर्फ पप्पू, ऋतुराज यादव, पूनम देवी, कुमारी खुशबू, कमली देवी, राखी कुशवाहा, स्वपन घोष, ममता सिंह, पार्षद प्रतिनिधि श्रीप्रसाद महतो, ललनेश सिंह, बहादुर यादव, मोहम्मद शकील, राहुल मिश्रा, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, प्रधान सहायक उमेश यादव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मी और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: