0
(0)

पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ऋषि देव टोला में तीन बच्चों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव ससुराल स्थित घर में बेड पर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजन और ससुराल पक्ष फिलहाल मामले पर कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रहे हैं, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुट गई है। मृतका की पहचान लादूगढ़ पंचायत के वार्ड संख्या-13 निवासी संजय ऋषि देव की पत्नी छेदनी देवी (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के मुढ़ो गांव की रहने वाली थी। पति संजय ऋषि देव के अनुसार, शुक्रवार को छेदनी देवी रोज की तरह घर से घास लाने गई थी। घर लौटने के बाद उसने पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसे ऑटो से इलाज के लिए बनमनखी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं मृतका के भाई बलोधी ऋषि ने इस घटना को संदेहास्पद बताते हुए कहा कि उनकी बहन पूरी तरह स्वस्थ थी और एक दिन पहले ही उससे बातचीत हुई थी, जिसमें उसने बच्चों के साथ मायके आने की बात कही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पहुंचने पर शव बेड पर पड़ा मिला और मौत के कारणों को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। मृतका अपने पीछे दो पुत्र नसीब कुमार, शिवा कुमार और एक पुत्री जूली कुमारी को छोड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही जानकीनगर थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: