


दर्जनों चोरी के मामलों का आरोपित था मृतक, ओवरडोज से मौत की आशंका
नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रोफेसर कॉलोनी निवासी स्वर्गीय ईश्वर रजक के पुत्र चंदन रजक के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार चंदन रजक पर नवगछिया, गोपालपुर एवं रंगरा थाना क्षेत्रों में चोरी के तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक वह लंबे समय से नशे का आदी था और नशे की सुई एवं टैबलेट का सेवन करता था।

परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे चंदन खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। शाम में जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो चंदन बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसके नाक से खून बह रहा था, जिसे देखकर परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस अस्पताल एवं मृतक के घर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस ने मृतक के कमरे की तलाशी ली, जहां से नशे की सुई एवं कई प्रकार की टैबलेट बरामद की गई हैं। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की सुई एवं दवा के ओवरडोज से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
















