


नवगछिया। भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव से दहेज प्रताड़ना एवं हत्या के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। गांव की रहने वाली एक महिला ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने नवगछिया पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपनी एवं अपने बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता बेबी देवी ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी वर्ष 2017 में रंजीत कुमार रविदास से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा एक लाख रुपये दहेज की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उसे “डायन” कहकर अपमानित करते थे और अक्सर गाली-गलौज एवं मारपीट करते थे। पीड़िता के अनुसार 20 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब सभी आरोपी उसके कमरे में घुस आए और बेरहमी से पिटाई की।
महिला का आरोप है कि इस दौरान उसकी आंख में तेजाब डालने का भी प्रयास किया गया। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर पड़ोसियों के घर पहुंची और वहां शरण ली। पीड़िता ने दावा किया है कि घटना के बाद उसके दोनों बच्चों को भी ससुराल पक्ष अपने साथ ले गया।
पीड़िता ने यह भी बताया कि उसके पास मारपीट की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसे वह पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपने को तैयार है।
















