


नवगछिया। भवानीपुर गांव स्थित मध्य विद्यालय भवानीपुर में गुरुवार को शिक्षक स्वर्गीय पवन कुमार उर्फ पप्पू की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर परिजनों, शिक्षकों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शिक्षा और समाजसेवा के योगदान को याद किया।
आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय पवन कुमार शिक्षा के प्रति बेहद समर्पित व्यक्ति थे। वे विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई को लेकर हमेशा चिंतित रहते थे और शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम मानते थे। उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति समर्पण को लोगों ने भावुक होकर याद किया।

पुण्यतिथि के अवसर पर परिवार की ओर से करीब 70 बच्चों के बीच स्लेट, पेंसिल एवं सामान्य ज्ञान की पुस्तकें वितरित की गईं। शैक्षणिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि इस तरह की पहल न केवल बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करती है, बल्कि स्वर्गीय पवन कुमार के सपनों और उनकी सामाजिक सोच को भी आगे बढ़ाने का कार्य करती है।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा के प्रति जागरूकता और जरूरतमंद बच्चों की सहायता सबसे बड़ा सामाजिक कार्य है। स्वर्गीय पवन कुमार का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

इस अवसर पर अमृता देवी, दिलखुश कुमार, मनीष कुमार, अभिमन्यु कुमार, विक्की कुमार, कुमार गौरव, मुकेश कुमार, पप्पू यादव, राजेश यादव, विकास यादव, प्रणव कुमार, हरिश्चंद्र रजक, इंद्रदेव यादव, रंजन कुमार, गणेश यादव, संतोष यादव एवं दिनेश प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
















