


समीक्षा बैठक से सहयोग शिविर तक कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
पूर्णिया । बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल 23 मई को सीमांचल के तीन जिलों कटिहार, पूर्णिया और अररिया के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभागीय समीक्षा बैठक, सहयोग शिविर और भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

दौरे की शुरुआत कटिहार से होगी, जहां सुबह 10 बजे जिला अतिथि गृह (सर्किट हाउस) में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में भूमि सुधार, राजस्व संग्रहण, दाखिल-खारिज, लंबित मामलों तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। मंत्री अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और आम लोगों की समस्याओं के शीघ्र समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
इसके बाद मंत्री डॉ. जायसवाल कटिहार के छीटाबाड़ी स्थित श्री राम दरबार में आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026” के जिला प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित कर संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ता प्रशिक्षण पर चर्चा करेंगे।

दौरे के तीसरे चरण में मंत्री पूर्णिया पहुंचेंगे, जहां डिमियां छतरजान पंचायत भवन, दीवानगंज चौक में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लेंगे। इस शिविर में आम लोगों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए जाएंगे। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। ग्रामीणों में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
इसके बाद मंत्री अररिया पहुंचेंगे, जहां ज्योति विवाह भवन में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे। यहां भी वे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से मंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर जहां विभागीय कार्यों की समीक्षा होगी, वहीं दूसरी ओर जनता से सीधा संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को भी मजबूती देने की कोशिश की जाएगी।
















