


पूर्णिया। पूर्णिया कोशी कमिश्नरी में व्यापार मंडल चुनाव को लेकर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने व्यापार मंडल चुनाव में वर्षों पुरानी मतदाता सूची के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार और प्रशासन पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बिजेंद्र यादव ने कहा कि व्यापार मंडल चुनाव आज भी उसी पुरानी मतदाता सूची के आधार पर कराए जा रहे हैं, जो वर्षों पहले कांग्रेस शासनकाल में तैयार की गई थी। उन्होंने कहा कि समय बदल गया, व्यवस्था डिजिटल हो गई, लेकिन मतदाता सूची का अद्यतन नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही और किसानों के अधिकारों के साथ अन्याय को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान मतदाता सूची में बड़ी संख्या में मृत और निष्क्रिय लोगों के नाम अब भी शामिल हैं, जबकि वास्तविक किसानों और व्यापार मंडल से जुड़े कई पात्र लोगों को मतदान का अधिकार नहीं मिल पा रहा है। यादव ने कहा कि एक ओर सरकार पारदर्शिता और डिजिटल व्यवस्था की बात करती है, वहीं दूसरी ओर चुनाव प्रक्रिया पुरानी और त्रुटिपूर्ण सूची के आधार पर संचालित की जा रही है।

पूर्व जिला अध्यक्ष ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि किसानों की आवाज दबाने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार अब तक किसानों और व्यापार मंडल की वास्तविक समस्याओं एवं संरचना को समझ नहीं पाई है।
बिजेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाती थी, लेकिन वर्तमान समय में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक मतदाता सूची का पुनरीक्षण नहीं होगा और वास्तविक किसानों एवं पात्र सदस्यों को मतदान का अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की कल्पना संभव नहीं है।

उन्होंने मांग की कि व्यापार मंडल की मतदाता सूची का तत्काल पुनरीक्षण कराया जाए, मृत लोगों के नाम हटाए जाएं तथा नए पात्र सदस्यों को जोड़ा जाए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बन सके। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि वह किसानों, व्यापार मंडल से जुड़े लोगों और आम जनता की आवाज लगातार उठाती रहेगी।
















