


शिक्षा और कौशल विकास को लेकर हुई चर्चा, सीमांचल के उज्ज्वल भविष्य पर जताया विश्वास
पूर्णिया। विद्या विहार इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VVIT), पूर्णिया के चेयरमैन राजेश चंद्र मिश्रा एवं न्यास सदस्या पल्लवी मिश्रा के नेतृत्व में संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने बिहार सरकार की लोक निर्माण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह से पूर्णिया में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को पुनः बिहार मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री का दायित्व संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री श्रीमती लेशी सिंह के क्षेत्र में सशक्त नेतृत्व, जनसेवा और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव और कार्यशैली सीमांचल क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी है। ज्ञात हो कि लेशी सिंह 61-धमदाहा विधानसभा क्षेत्र से लगातार छठी बार विधायक निर्वाचित हुई हैं तथा बिहार सरकार में आठवीं बार कैबिनेट मंत्री के रूप में दायित्व निभा रही हैं।
मुलाकात के दौरान शिक्षा, तकनीकी विकास और सीमांचल क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसरों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि आने वाले वर्षों में पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए केंद्र के रूप में तेजी से उभरेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य देने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में कार्य कर रहे संस्थानों के प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सकारात्मक सहयोग का आश्वासन भी दिया। मंत्री ने कहा कि तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के विस्तार से सीमांचल के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार, रजिस्ट्रार सौरभ कुमार, उप-प्राचार्य डॉ. अनिकेत मानस, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश सिंह सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. हेमंत कुमार, ई. राहुल बैस्यंतरी, विवेक राय, निर्भय मिश्र, ई. राजन कुमार समेत कई शिक्षक एवं अधिकारी शामिल थे।
















