5
(1)

सरकारी पिस्टल, 35 राउंड गोलियां और अन्य चोरी का सामान बरामद

भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित सांसद अजय मंडल के कार्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में झारखंड के गोड्डा निवासी अमन कुमार झा को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से चोरी गई सरकारी पिस्टल, 35 राउंड गोलियां, सीसीटीवी डीवीआर और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है।

भागलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर) अजय चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया।

जांच के दौरान फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां सामने आईं। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार सांसद कार्यालय से सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, कंप्यूटर, कार्यालय में तैनात सरकारी गार्ड की पिस्टल तथा 35 राउंड कारतूस चोरी कर लिए गए थे। इन सभी सामानों की बरामदगी पुलिस ने कर ली है, जिससे एक बड़ी सुरक्षा चुनौती भी टल गई।

नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमन कुमार झा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। सांसद कार्यालय जैसी संवेदनशील जगह पर हुई चोरी का महज दो दिनों में खुलासा कर पुलिस ने न केवल अपराधियों तक पहुंच बनाई, बल्कि चोरी गई सरकारी पिस्टल और गोलियों को भी सुरक्षित बरामद कर लिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: