


भागलपुर। सावन माह के पावन अवसर पर भागलपुर जिले के सुलतानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा तट पर शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देशों नेपाल और भूटान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अजगैबीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। यहां उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालु पवित्र गंगाजल कांवड़ में भरकर लगभग 105 किलोमीटर की पदयात्रा पर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हो रहे हैं।

अजगैबीनाथ गंगा घाट से लेकर कांवरिया पथ तक पूरा क्षेत्र ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान है। श्रद्धालुओं के केसरिया वस्त्र, कंधों पर सजी कांवड़ और शिवभक्ति का उत्साह पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रहा है। सावन के छठे दिन भी हजारों कांवरियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। शिवभक्त पूरे जोश और श्रद्धा के साथ बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए देवघर की ओर बढ़ रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि इस वर्ष जिला प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता एवं यातायात जैसी मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक सुगम और सुरक्षित हो गई है। प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी भी पूरे कांवरिया पथ पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।
कांवरियों का कहना है कि भगवान भोलेनाथ औघड़दानी हैं और अपने भक्तों की हर मनोकामना पूरी करते हैं। इसी अटूट विश्वास और आस्था के साथ वे कठिन पदयात्रा कर बाबा बैद्यनाथ के दरबार में जल अर्पित करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।

इस दौरान रंजन कुमार चौधरी, अवधेश कुमार एवं मेजर अजीत सिंह सहित कई कांवरियों ने अपनी आस्था और यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि बाबा के प्रति श्रद्धा ही उन्हें इस कठिन यात्रा को पूरा करने की शक्ति देती है।
















