


केनगर के बनियापट्टी में बनने वाला मेडिकल कॉलेज स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बनेगा मील का पत्थर
पूर्णिया।
सीमांचल क्षेत्र के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत करते हुए पूर्णिया जिले के केनगर प्रखंड अंतर्गत बनियापट्टी में शिवम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।
भूमि पूजन का अनुष्ठान बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर से आए विद्वान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया। शंखनाद, वैदिक मंत्रों और महाआरती के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। हजारों स्थानीय लोगों ने मेडिकल कॉलेज के शीघ्र निर्माण एवं सफल संचालन की कामना की।
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में , पूर्व सांसद , बरारी नगर पंचायत की अध्यक्ष बबिता यादव, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष संगीता वर्मन सहित विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शिवम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन पंकज कुमार निराला एवं निदेशक नूतन गुप्ता ने सभी अतिथियों का मखाना की माला, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान शिवम हायर एजुकेशन फाउंडेशन नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं का लैंप लाइटिंग समारोह आयोजित किया गया तथा उन्हें सेवा एवं मानवता की शपथ दिलाई गई।
अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि शिवम मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल का निर्माण केवल पूर्णिया ही नहीं, बल्कि पूरे सीमांचल क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। इससे लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी तथा युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने संस्थान प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा एवं शिक्षा का उत्कृष्ट केंद्र बनेगा।
अमनौर विधायक कृष्ण कुमार मंटू ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना सीमांचल के स्वास्थ्य इतिहास में एक युगांतरकारी कदम है। अब क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी, पटना या दिल्ली का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह संस्थान चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से पूर्णिया के साथ-साथ कटिहार, अररिया और किशनगंज सहित आसपास के जिलों के लाखों लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों अवसर भी सृजित होंगे।
पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने कहा कि बनियापट्टी में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना से क्षेत्र में चिकित्सा सुविधा और मेडिकल शिक्षा का विस्तार होगा, वहीं क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने संस्थान के चेयरमैन पंकज कुमार निराला एवं निदेशक नूतन गुप्ता को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान पूर्णिया के चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन पंकज कुमार निराला एवं निदेशक नूतन गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल एक अस्पताल या भवन का निर्माण करना नहीं, बल्कि सीमांचल को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां गरीब से गरीब मरीज को भी गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाएगा तथा क्षेत्र के विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखे जाने से स्थानीय ग्रामीणों एवं पूर्णियावासियों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा और सीमांचल चिकित्सा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष संगीता वर्मन, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष एवं भाजपा उपाध्यक्ष क्रांति देवी, समाजसेविका पिंकी गुप्ता, प्रमुख रितेश कुमार, अधिवक्ता ए.के. अंबष्ठ, भाजपा नेता गुप्टेश कुमार, विजय राय, समाजसेवी शंकर कुशवाहा, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
















