


पूर्णिया : सीमांचल क्षेत्र की प्रतिभाओं, युवाओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्यमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आगामी 23 अगस्त 2026 को विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, पूर्णिया में “सीमांचल यूथ आइकॉन सम्मान समारोह 2026” का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन Eventgic Media द्वारा किया जा रहा है, जबकि Vidya Vihar Career Plus (VVCP) एवं Let’s Inspire Bihar इसके प्रमुख सहयोगी हैं।
इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि समारोह के माध्यम से शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, सामाजिक सेवा, खेल, कला एवं संस्कृति, युवा उद्यमिता, दूरसंचार, राजनीति, मनोरंजन, रियल एस्टेट समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सम्मान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों को पहचान दिलाना तथा युवाओं को प्रेरणा प्रदान करना भी है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विद्या विहार ग्रुप के सचिव राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि सीमांचल प्रतिभाओं की धरती है। यहां अनेक ऐसे लोग हैं जो अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिल पाती जिसके वे वास्तविक हकदार हैं। उन्होंने कहा कि सीमांचल यूथ आइकॉन सम्मान समारोह ऐसे लोगों को सम्मानित कर समाज के समक्ष प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करने का प्रयास है। साथ ही इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र के विकास एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
VVCP के निदेशक प्रशांत शंकर ने कहा कि युवाओं को प्रेरित करने के लिए सफल एवं समाज के लिए योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को मंच प्रदान करना आवश्यक है। यह कार्यक्रम सीमांचल के युवाओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि Vidya Vihar Career Plus सदैव शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और युवा सशक्तिकरण के लिए कार्य करता रहा है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करता रहेगा।
वहीं VVRS की प्रशासक सुप्रिया मिश्र ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना एक सामाजिक दायित्व है। ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि समाज को भी नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने सीमांचल के लोगों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और योग्य प्रतिभाओं को आगे लाने की अपील की।

Eventgic Media के प्रमुख चंदन राज ने कहा कि यह समारोह सीमांचल के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांचल की सकारात्मक छवि को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना तथा उन लोगों को सम्मानित करना है जिन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज में विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि सम्मान के लिए चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष होगी तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की सहभागिता से योग्य व्यक्तियों एवं संस्थाओं का चयन किया जाएगा।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए PRO आशीष झा ने बताया कि सम्मान समारोह के लिए विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि समारोह में बिहार सरकार के कई माननीय मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, समाजसेवी, उद्योगपति एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। साथ ही मगध रेंज के आईजी विकास वैभव विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि सीमांचल के विकास, युवाओं के उत्थान एवं समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले लोगों को एक मंच पर लाने का यह प्रयास आने वाले वर्षों में एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है। कार्यक्रम में हजारों लोगों की सहभागिता अपेक्षित है तथा यह आयोजन सीमांचल की उपलब्धियों, प्रतिभाओं और संभावनाओं को नई पहचान दिलाने का कार्य करेगा।
अंत में आयोजकों ने सीमांचल क्षेत्र के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं युवाओं से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा योग्य प्रतिभाओं को नामांकित करने की अपील की।
प्रेस वार्ता में विद्या विहार ग्रुप के सचिव राजेश चंद्र मिश्रा, VVCP के निदेशक प्रशांत शंकर, VVRS की प्रशासक सुप्रिया मिश्र, Eventgic Media के प्रमुख चंदन राज तथा PRO आशीष झा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।















