5
(1)

15 आवेदनों पर हुई सुनवाई, त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में आयोजित सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत आमजनों की समस्याएं सुनीं। ‘‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं।

कार्यक्रम के दौरान कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, सरकारी योजनाओं के लाभ, प्रमाण पत्र निर्गत करने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, जनसुविधाओं एवं अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदनों का गंभीरता से अवलोकन किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डीएम अंशुल कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही शीघ्रता से हो। इसके लिए सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है, ताकि लोगों को कार्यालयों का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े और उन्हें समय पर न्याय एवं सुविधाएं मिल सकें।

जनसुनवाई कार्यक्रम के साथ-साथ अनुमंडल, प्रखंड एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

जिला प्रशासन ने बताया कि सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जिला मुख्यालय, अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य आम जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु इस व्यवस्था का लाभ उठाएं और संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायतें दर्ज कराएं।

आपदा अथवा अन्य आवश्यक सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06454-242319, 242317 एवं 242320 पर संपर्क किया जा सकता है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: