5
(1)

साहेबपुर कमाल के पास हुआ दर्दनाक हादसा, प्रशासनिक व राजनीतिक जगत ने दी श्रद्धांजलि

सहरसा । बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के समीप गुरुवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन पुलिस पदाधिकारियों की मौत हो गई। मृतकों में पतरघट ओपी के पूर्व ओपी अध्यक्ष ज्ञानानंद अमरेंद्र तथा पूर्व में पतरघट ओपी में पदस्थापित रहे पुलिस अवर निरीक्षक नीरज कुमार पासवान भी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पतरघट थाना क्षेत्र सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी पुलिस पदाधिकारी पटना से मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के समीप उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे के साथ-साथ आम लोगों में भी शोक की भावना व्याप्त हो गई।

दिवंगत पुलिस पदाधिकारियों के निधन पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। शोक व्यक्त करने वालों में बीडीओ इन्द्रदेव कुमार निराला, सीओ प्रिंस प्रकाश, थानाध्यक्ष शशि कुमार, पस्तपार थाना प्रभारी अमरजीत कुमार, सांसद प्रतिनिधि इन्द्रभूषण सिंह ‘इंदु’, विधायक प्रतिनिधि विजय कुमार सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य सह जदयू नेता अंजनी कुमार सिंह, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष रूद्रानंद कुमार सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार साह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष नवीन शंकर झा, लोजपा नेता चन्द्रशेखर सिंह, राजद नेता सत्यनारायण यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।

श्रद्धांजलि संदेश में वक्ताओं ने कहा कि दिवंगत पुलिस अधिकारी अपने कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपने सेवाकाल में आम लोगों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित किया था। उनके निधन से पुलिस विभाग के साथ-साथ समाज को भी अपूरणीय क्षति हुई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ज्ञानानंद अमरेंद्र और नीरज कुमार पासवान ने पतरघट क्षेत्र में अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यही कारण है कि उनके निधन की खबर से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

सभी शोक संतप्त लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: