


“बाल श्रम मिटाएँ, हर बच्चे को शिक्षा दिलाएँ” का दिया संदेश
सहरसा।
विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सहरसा में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्युत कार्यपालक अभियंता ई. अमित कुमार के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाल श्रम उन्मूलन तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने बाल श्रम के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने, बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन दिलाने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।
इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता ई. अमित कुमार ने कहा कि बाल श्रम समाज और राष्ट्र के समग्र विकास में एक बड़ी बाधा है। इसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों का शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बेहतर पोषण का अधिकार है, जिसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बाल श्रम जैसी कुप्रथा को समाप्त कर प्रत्येक बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाना समाज का नैतिक दायित्व है। शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ-साथ जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों में सहयोग करेंगे।
इस मौके पर लेखा पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह, आईटी मैनेजर प्रभाष कुमार देव सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
















